चारधाम हेलीकॉप्टर सेवा फिर से शुरू, यात्रियों को राहत
उत्तराखंड सरकार ने बदला फैसला, यात्रियों की परेशानी को देखते हुए लिया निर्णय

उत्तराखंड सरकार ने यात्रियों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए चारधाम हेलीकॉप्टर सेवा को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है. पहले, भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े हुए तनाव के कारण सुरक्षा कारणों से इस सेवा को स्थगित कर दिया गया था. डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने सेवा बहाली की पुष्टि की है.
सरकार का यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब चारधाम यात्रा सुचारू रूप से चल रही है और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. हेलीकॉप्टर सेवा बंद होने से यात्रियों को असुविधा हो सकती थी, खासकर उन लोगों को जो कम समय में या शारीरिक अक्षमता के कारण यात्रा कर रहे हैं.
गढ़वाल के आईजी राजीव स्वरूप ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी है और उनसे किसी भी भ्रामक खबर पर ध्यान न देने तथा किसी भी समस्या के लिए उत्तराखंड पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया है.
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच उत्तराखंड सरकार का अलर्ट
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते उत्तराखंड सरकार ने राज्य की सीमाओं पर अलर्ट बढ़ा दिया है. अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे क्षेत्रों में तैनात प्रशासनिक इकाइयों को भी सतर्क कर दिया गया है और अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार उच्च-स्तरीय बैठकों में व्यवस्थाओं को पुख्ता रखने के निर्देश दे रहे हैं.
राहत और बचाव दलों को भी तैयार रखा गया है और जिलों व ब्लॉक स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए हैं. आपदा कंट्रोल रूम में 24 घंटे अधिकारियों की तैनाती की गई है. सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. प्रदेश के सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों का स्टॉक, ऑक्सीजन बेड, आईसीयू वेंटीलेटर, चिकित्सा व सर्जिकल उपकरण और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. आग बुझाने से संबंधित इंतजाम भी दुरुस्त करने को कहा गया है.
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़
इस साल चारधाम यात्रा 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई थी. अब तक 4 लाख 44 हजार 115 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं. केदारनाथ में 1 लाख 87 हजार से अधिक, बदरीनाथ में 90,167, यमुनोत्री में 92,144 और गंगोत्री में 73,850 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. अब केवल हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने शेष हैं, जो 25 मई को खुलेंगे.







