दुल्हन की गोद पर दूल्हे की मौतः जानिए आखिर कैसे चली गई जान

सागर। मध्य प्रदेश के सागर में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई जब फेरे लेने से पहले दूल्हे की हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजन फौरन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से हर कोई हैरान है।
बेचैनी हुई और दुल्हन की गोद में गिर पड़ा दूल्हा
दरअसल, गोपालगंज में मेडिकल शॉप चलाने वाले परकोटा निवासी हर्षित चौबे का विवाह संबंध सागर के एक परिवार में तय हुआ था। आज शनिवार को सागर के तिली क्षेत्र स्थित एक मैरिज गार्डन में विवाह कार्यक्रम हो रहा था। दांपत्य जीवन में बंधने जा रहे जोड़े को आशीर्वाद देने बड़ी संख्या में मेहमान पहुंचे थे। सुबह फेरों, सिंदूर दान और पैर पूजन के लिए दूल्हा-दुल्हन मंडप में बैठे थे। तभी अचानक दूल्हे को बेचैनी महसूस होने लगी। देखते ही देखते वह दुल्हन की गोद मे गिर पड़ा।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
इस घटना से दोनों पक्ष घबरा गए और फौरन दूल्हे को लेकर अस्पताल पहुंचे। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मृतक का परिवार मूल रूप से सागर के जैसीनगर तहसील का रहने वाला है।