मुर्गी पालन केंद्र की गंदगी से 8 साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने पोल्ट्री फॉर्म के मालिक पर लगाए गंभीर आरोप

इंद्रा आवास कॉलोनी मानेगांव रांझी की घटना
गांव में परिजनों ने रहवासियों के साथ किया हंगामा
गांव से पोल्ट्री फॉर्म हाउस बाहर करने की मांग

जबलपुर,यशभारत। इंद्रा आवास कॉलोनी मानेगांव रांझी में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उस वक्त हंगामा हो गया जब मुर्गी पालन केंद्र के बाजू में रहने वाली साढे 8 साल की बच्ची की गंदगी से पीड़ित होकर मौत हो गई। मौत के बाद क्षेत्रीय लोगों के साथ मृतिका के परिजनों ने हंगामा करते हुए पोल्ट्री फॉर्म हाउस के मालिक गोपाल गुप्ता नामक व्यक्ति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रांझी पुलिस को शिकायत करते हुए बताया कि मुर्गी पालन केंद्र एक तो गांव के बाहर बनना चाहिए इन्होनें गांव के अंदर मुर्गी पालन केंद्र खोलकर रखा है जिसमें महीनों-महीनों से साफ सफाई नहीं होती। मृतिका के पिजा आनंद बेन ने यशभारत को बताया कि उनकी साढे 8 साल की बेटी आकांक्षा बेन को करीब 20 दिन पहले डॉक्टर के यहां इलाज के लिए ले जाया गया तो पता चला कि उनकी बेटी के शरीर के अंदर खून की जगह कचरा जमा हुआ है जिसके बाद बच्ची की लगातार स्थिति बिगड़ते चली गई और अंत में बेटी ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने मालिक को लगाई फटकार
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मुर्गी पालन केंद्र के मालिक को जमकर फटकार लगाई और कहा कि जल्द से जल्द मुर्गी पालन केंद्र की सफाई हो जाना चाहिए। इंद्रा आवास कॉलोनी के अन्य रहवासियों ने भी यशभारत से कहा कि मुर्गी पालन केंद्र में बहुत गंदगी रहती है। आलम ये रहता है कि प्रतिदिन बदबू के बीच उनका जीना दुश्वार हो जाता है।







