फर्जी बीपीएल कार्ड मामले में 98 आवेदकों से होंगे जवाब तलब, नोटिस जारी

फर्जी बीपीएल कार्ड मामले में 98 आवेदकों से होंगे जवाब तलब, नोटिस जारी
– 13 अप्रैल तक मांगा जवाब
कलेक्टर के निर्देश पर जांच तेज
– बयान दर्ज होने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
भोपाल, यश भारत । राजधानी में फर्जी बीपीएल राशन कार्ड बनवाने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में एमपी नगर एसडीएम कार्यालय ने ऐसे 98 लोगों को नोटिस जारी किए हैं, जिनके नाम पर फर्जी बीपीएल राशन कार्ड बनाए गए थे। सभी संबंधित लोगों को नोटिस भेजकर 13 अप्रैल को एसडीएम कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार निर्धारित तिथि पर इन लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। बयान दर्ज होने के बाद पूरे मामले की समीक्षा कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया गया है कि नोटिस पाने वाले अधिकांश लोग कोलार एसडीएम कार्यालय के कार्यक्षेत्र में आने वाले विभिन्न वार्डों के निवासी हैं।
शहर के कई इलाकों में ऐसे लोगों द्वारा बीपीएल राशन कार्ड बनवाए जाने का मामला सामने आया था, जो इसके लिए पात्र ही नहीं थे। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर मामले की जांच के दौरान दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही जांच में सामने आए सभी फर्जी बीपीएल राशन कार्डों को निरस्त कर दिया गया है। प्रशासन अब इस पूरे मामले में उन लोगों की जिम्मेदारी भी तय कर रहा है, जिनके नाम पर यह कार्ड जारी किए गए थे।
अधिकारियों के अनुसार शहर में पहले भी फर्जी राशन कार्ड बनाए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं और उन पर कार्रवाई भी की गई है। हालांकि इस बार प्रशासन ने बड़े स्तर पर जांच शुरू करते हुए लाभार्थियों को भी जवाबदेही के दायरे में लाने का निर्णय लिया है। इससे पहले आमतौर पर केवल संबंधित कर्मचारियों पर ही कार्रवाई की जाती थी, लेकिन अब पात्रता के बिना कार्ड बनवाने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि बीपीएल कार्ड बनाने की प्रक्रिया में नियमों की खुलकर अनदेखी की गई। नियमानुसार आवेदन मिलने के बाद संबंधित सर्वेयर को आवेदक के घर जाकर सत्यापन करना होता है। इस दौरान आवेदक की उसके घर के सामने खड़ी फोटो लेकर सर्वे रिपोर्ट के साथ पोर्टल पर अपलोड की जाती है।
लेकिन जांच में पाया गया कि कई मामलों में सर्वे किया ही नहीं गया। पोर्टल पर अपलोड किए गए दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। कुछ आवेदनों में तो कोरे कागज तक अपलोड कर दिए गए, जबकि कई मामलों में परिवार के मुखिया के पुराने फोटो लगाकर प्रक्रिया पूरी दिखा दी गई। एमपी नगर एसडीएम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन लोगों के नाम पर फर्जी बीपीएल राशन कार्ड बनाए गए हैं, उन्हें नोटिस जारी कर दिया गया है। सभी को 13 अप्रैल को कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि बयान दर्ज होने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







