विदिशा से भोपाल आ रहे पिकअप से 9 गोवंश जब्त, तीन गिरफ्तार

विदिशा से भोपाल आ रहे पिकअप से 9 गोवंश जब्त, तीन गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत| राजधानी भोपाल के सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र में गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मिली सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विदिशा रोड स्थित टोल टैक्स के पास एक लोडिंग पिकअप को पकड़ा। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें क्रूरतापूर्वक भरे गए 9 गोवंश बरामद किए गए, जिनमें एक की मौत हो चुकी थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचकर वाहन और मवेशियों को अपने कब्जे में ले लिया है।
घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब दो बजे की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि विदिशा की ओर से एक पिकअप वाहन में गोवंश को अवैध तरीके से भोपाल लाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने तत्काल इसकी सूचना सूखी सेवनिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और दोनों ने मिलकर सूखी सेवनिया टोल टैक्स के पास घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध पिकअप वहां पहुंच गया, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली।
एक गोवंश मृत मिला, आठ को गौशाला भेजा
पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर अंदर कुल 9 गोवंश मिले। पुलिस और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में जब मवेशियों को नीचे उतारा गया, तो उनमें से 8 जीवित मिले जबकि एक मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस ने तत्काल पशु चिकित्सक को बुलवाकर मृत गोवंश का पीएम फॉर्म भरवाया और उसका पोस्टमार्टम कराया। वहीं, सुरक्षित मिले 8 गोवंश को तुरंत प्रभाव से जीवदया गौशाला भिजवा दिया गया, जहां उनकी देखरेख की जा रही है।
तस्करों पर एफआईआर दर्ज, वाहन जब्त
पुलिस ने इस अवैध परिवहन में संलिप्त तीन आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। गोवंश ले जाने में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन को भी जब्त कर थाने में खड़ा करवा लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।







