8 साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या : स्कूल से “पापा बुला रहे” कहकर ले गया दरिंदा, जंगल में मिला शव

गोटेगांव- नरसिंहपुर यशभारत।थाना गोटेगांव क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 8 वर्षीय मासूम बालिका से दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया गया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चंद घंटों में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पापा बुला रहे” कहकर ले गया
परिजनों के अनुसार 5 अगस्त को बालिका स्कूल से यह कहकर छुट्टी लेकर निकली थी कि उसके पिता ने उसे बुलाया है। लेकिन वह घर नहीं पहुंची। काफी तलाश के बाद परिजनों ने चौकी झौतेश्वर, थाना गोटेगांव में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
7 घंटे चला सर्च ऑपरेशन
तुरंत जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी गोटेगांव ने उक्त घटना के संबंध में अपने अधिकारियों को अवगत कराया और मामले की गंभीरता को देखते हुए SP और ASP संदीप भूरिया मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड, FSL टीम और पुलिस बल ने जंगल, खेत और झाड़ियों में करीब 7-8 घंटे तक सर्च किया। देर रात गांव से 1.5 किमी दूर घने जंगल में बालिका का शव मिला। प्राथमिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। हत्या दोपहर 2 से 3:30 बजे के बीच होना बताई जा रही है।
जांच में पता चला कि बालिका को अंतिम बार अन्नू नामक व्यक्ति के साथ देखा गया था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लाल शर्ट पहने एक व्यक्ति उसे मोटरसाइकिल पर जंगल की ओर ले जा रहा था। इसी सुराग पर पुलिस ने घेराबंदी की।
चंद घंटों में गिरफ्तार हुआ आरोपी
आरोपी की पहचान गांव के ही अनिल यादव के रूप में हुई। पुलिस को देखकर वह बाइक से भागने लगा, लेकिन उसे पास के ही जंगल से दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। हैरानी की बात ये कि घटना के बाद वह खुद भी ग्रामीणों के साथ बच्ची को खोजने का नाटक कर रहा था।
*पॉक्सो और हत्या की धाराओं में केस*
आरोपी पर धारा 87, 65(2), 03(1),5,6 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसे जघन्य अपराध की श्रेणी में रखकर SIT जांच करेगी। पुलिस ने कहा कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
पुलिस का बयान
पुलिस प्रशासन ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति है। इस जांच में ग्रामीणों के सहयोग की भी सराहना की गई।







