मुर्गे को बचाने कुएं में उतरे बुजुर्ग पानी में डूबे : 30 फीट गहरे कुएं में फंसे, ग्रामीणों ने निकाला शव

मंडला| जिले के निवास थाना क्षेत्र के ग्राम देवरीकला बवलिया में बुजुर्ग की कुएं में डूबने से मौत हो गई। वे अपने पालतू मुर्गे को बचाने के लिए करीब 30 फीट गहरे कुएं में उतरे थे। उन्होंने मुर्गे को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन स्वयं गहरे पानी में फंस गए। ग्राम देवरीकला बवलिया निवासी गुलजार सिंह (62) का पालतू मुर्गा कुएं में गिर गया था। उसे बचाने के प्रयास में गुलजार सिंह स्वयं कुएं में उतर गए। उन्होंने मुर्गे को बाहर निकाल लिया, लेकिन कुएं की अधिक गहराई और पानी के कारण वे स्वयं बाहर नहीं निकल पाए।
बुजुर्ग को कुएं में संघर्ष करते देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। कुछ ग्रामीणों ने कुएं में उतरकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, जबकि अन्य ने रस्सी की सहायता से बाहर निकालने की कोशिश की।
मशक्कत के बाद ग्रामीण गुलजार सिंह को कुएं से बाहर निकालेा। हालांकि, तब तक वे काफी मात्रा में पानी निगल चुके थे। बाहर निकालते ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर निवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह धुर्वे ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम कर जांच की जा रही है।







