चेकिंग प्वाइंट से नदारद एसआई समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित – सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर कमिश्रर ने की कार्रवाई

चेकिंग प्वाइंट से नदारद एसआई समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित
– सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर कमिश्रर ने की कार्रवाई
भोपाल, यश भारत। राजधानी में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच बड़ी लापरवाही सामने आई है। चेकिंग प्वाइंट से पुलिसकर्मियों के गायब मिलने पर पुलिस कमिश्नर ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक उप-निरीक्षक सहित पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया है।
दरअसल शहर में इन दिनों असामाजिक तत्वों पर निगरानी, बदमाशों की धरपकड़ और हेलमेट जांच जैसे मुद्दों को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान की वास्तविक स्थिति जानने के लिए पुलिस कमिश्नर देर रात औचक निरीक्षण पर निकले थे। निरीक्षण के दौरान जब वे जवाहर चौक स्थित चेकिंग प्वाइंट पर पहुंचे तो वहां तैनात पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी से नदारत मिले। सुरक्षा जैसे संवेदनशील स्थान पर पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति देखकर कमिश्नर ने मौके पर ही नाराजगी जाहिर की।
मौके पर ही लिया कड़ा फैसला
सूत्रों के अनुसार पुलिस कमिश्नर ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के बाद उप-निरीक्षक नर्मदा प्रसाद उइके, प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश मिश्रा, प्रधान आरक्षक जलील खान और प्रधान आरक्षक कमलेश लोडे को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, खासकर तब जब शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा हो।
सुरक्षा व्यवस्था में ढिलाई पर सख्त संदेश
पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार इस कार्रवाई का मकसद पूरे पुलिस बल को यह स्पष्ट संदेश देना है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। राजधानी जैसे बड़े शहर में चेकिंग प्वाइंट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, जहां से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाती है और अपराधियों की धरपकड़ में मदद मिलती है। ऐसे में वहां से पुलिसकर्मियों का अनुपस्थित होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।







