
मुंबई। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात विरार ईस्ट स्थित रामाबाई अपार्टमेंट का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि दो विंग वाले इस भवन में से एक विंग पूरी तरह ढह गया।
चौथी मंजिल पर चल रहा था जन्मदिन समारोह
जिस हिस्से में यह हादसा हुआ, वहां चौथी मंजिल पर एक साल की बच्ची का जन्मदिन समारोह चल रहा था। इस वजह से आशंका जताई जा रही है कि पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है। प्रशासन ने एहतियातन इमारत के दूसरे विंग को भी खाली करा लिया है। मौके पर राहत-बचाव कार्य जारी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
नगर निगम ने घोषित किया था खतरनाक घोषित
इमारत काफी पुरानी थी। इसकी मरम्मत की जरूरत थी। नगर निगम ने पहले ही इसे खतरनाक घोषित कर दिया था। लेकिन, इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग डरे हुए हैं। वे अपने घरों को छोड़ने को मजबूर हैं।







