देशमुंबई

मुंबई में 3 मंजिला चॉल ढही, 4 महिलाओं समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत

मानखुर्द में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा

मुंबई,यशभारत। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मानखुर्द के जनता नगर इलाके में स्थित तीन मंजिला चॉल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में चार महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग मलबे में दब गए थे। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान पूरी रात जारी रहा।

देखते ही देखते ढह गई पूरी इमारत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हनुमान मंदिर के पीछे स्थित ‘चॉल नंबर-5’ की ग्राउंड प्लस तीन मंजिला इमारत का हिस्सा अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। इमारत गिरते ही आसपास की तीन झोपड़ीनुमा रिहाइशें भी इसकी चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसा रविवार रात करीब 8:30 बजे हुआ, जब अधिकांश लोग छुट्टी के कारण अपने घरों में मौजूद थे।

सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी), वार्ड स्टाफ और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

भारी बारिश से कमजोर हुईं दीवारें, नहीं मिला संभलने का मौका

स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत इतनी तेजी से गिरी कि किसी को बाहर निकलने का अवसर तक नहीं मिला। पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के कारण इमारत की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। माना जा रहा है कि अत्यधिक नमी और लगातार दबाव के चलते ढांचा अचानक ढह गया।

क्रेन की मदद से हटाया गया मलबा, नहीं बच सके लोग

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर कई लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद दमकल और पुलिस की टीमों ने क्रेन की सहायता से मलबा हटाकर दबे लोगों को निकाला। हालांकि, छह लोगों को बाहर निकालने तक उनकी मौत हो चुकी थी।

बीएमसी के अनुसार, इमारत गिरने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल आसपास की इमारतों को तत्काल कोई खतरा नहीं बताया गया है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर एहतियातन आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button