साइबर कमांडोज के रूप में काम करेंगे एमपी के 20 पुलिसकर्मी, स्टेट साइबर सेल भोपाल में अटैच

साइबर कमांडोज के रूप में काम करेंगे एमपी के 20 पुलिसकर्मी, स्टेट साइबर सेल भोपाल में अटैच
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने राज्य में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और तकनीकी तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश भर की विभिन्न पुलिस इकाइयों में पदस्थ 20 पुलिसकर्मियों को स्टेट साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल में अटैच कर दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक साइबर के प्रस्ताव पर चयनित इन पुलिसकर्मियों को साइबर कमांडोज की नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
एसआई, हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल स्तर के अधिकारी शामिल
स्टेट साइबर सेल मुख्यालय भोपाल में संबद्ध किए गए इन 20 पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक/प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के पुलिसकर्मी शामिल हैं। यह विशेष टीम आगामी आदेश तक भोपाल स्थित स्टेट साइबर पुलिस मुख्यालय में अपनी सेवाएं प्रदान करेगी।
मूल इकाई से ही जारी रहेगा वेतन-भत्ता
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि स्टेट साइबर सेल में कार्य करने के दौरान भी संबंधित पुलिसकर्मियों के वेतन और अन्य भत्तों का भुगतान उनकी मूल इकाईद्वारा ही किया जाएगा।
पदोन्नति पर स्थिति स्पष्ट
आदेश में यह प्रावधान भी किया गया है कि यदि साइबर सेल में पदस्थापना की अवधि के दौरान किसी पुलिसकर्मी की पदोन्नति होती है, तो उन्हें उनके नए और पदोन्नत पदनाम के अनुसार ही मान्य किया जाएगा।







