छोला मंदिर इलाके में 17 साल के नाबालिग पर तलवार से हमला

छोला मंदिर इलाके में 17 साल के नाबालिग पर तलवार से हमला
भोपाल,यशभारत। राजधानी के छोलामंदिर थाना क्षेत्र में आपसी कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दुर्गा मंदिर के पास शंकर नगर में दो युवकों ने एक 17 वर्षीय नाबालिग पर धारदार तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शंकर नगर निवासी हर्षित यादव का क्षेत्र के ही रहने वाले अभिषेक मेहरा और गौरीशंकर अहिरवार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज होने लगी। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया और आरोपी अभिषेक व गौरीशंकर ने अपने पास रखी तलवार निकालकर हर्षित पर जानलेवा वार कर दिया।
अचानक हुए इस हमले में हर्षित गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। छोलामंदिर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी तलाश कर रही है।







