किसानों से शांति बनाए रखने की अपील, कानून हाथ में न लेने की चेतावनी

किसानों से शांति बनाए रखने की अपील, कानून हाथ में न लेने की चेतावनी
भोपाल, यश भारत । किसानों के आंदोलन के बीच पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसान समाज का सम्मान किया गया है और उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार ने सकारात्मक निर्णय लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसानों की बात सुनते हुए उनकी सभी मांगें स्वीकार कर ली गई हैं। ऐसे में अब किसी भी प्रकार का उपद्रव या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास उचित नहीं होगा।
पुलिस ने आंदोलन में शामिल किसानों और प्रदर्शनकारियों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना सभी का अधिकार है, लेकिन हिंसा, मारपीट या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बैरिकेडिंग तोड़ने, पुलिस बल से धक्का-मुक्की करने और उग्र प्रदर्शन से बचने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर कानून-व्यवस्था भंग करने या अशांति फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों की सुरक्षा और शांति बनाए रखना है तथा सभी से सहयोग की अपेक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।







