रोशनपुरा में पुलिस-किसानों के बीच धक्का-मुक्की, माहौल गरमाया

रोशनपुरा में पुलिस-किसानों के बीच धक्का-मुक्की, माहौल गरमाया
– बातचीत के बाद अधिकांश किसान लौटने को तैयार, बसों से गाड़ियों तक पहुंचाया गया
भोपाल, यश भारत । राजधानी के रोशनपुरा चौराहे पर बुधवार देर शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे किसानों को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया। हालांकि अधिकारियों और किसान नेताओं की समझाइश के बाद स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, शुरुआत में किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे और आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। इसी दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग पर उन्हें रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। बाद में सरकार और किसान प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत के सकारात्मक परिणाम सामने आने पर हालात बदलने लगे।
किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि सरकार की ओर से मांगों पर सहमति बनने के बाद अधिकांश किसान आंदोलन समाप्त करने के पक्ष में आ गए। हालांकि कुछ युवा किसान अब भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कहते रहे।
बदलते हालात के बीच प्रशासन ने रोशनपुरा चौराहे से किसानों को बसों के जरिए उनकी पार्क की गई गाड़ियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की।







