
- खनिज माफिया सावधान ..!
अब रात के अंधेरे में भी पड़ेगा प्रशासन का छापा

इंट्रो
टास्क फोर्स की बैठक के बाद एक्शन शुरू, ओवरलोड खनिज ढोते दो हाइवा जब्त; अवैध कारोबारियों पर लगातार चलेगा अभियान
कटनी, यशभारत। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन, ओवरलोड परिवहन और बिना नंबर प्लेट वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। बैठक के कुछ ही घंटों बाद खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए ओवरलोड खनिज परिवहन कर रहे दो हाइवा वाहनों को जब्त कर साफ संकेत दे दिया कि अब नियम तोड़ने वालों के लिए राहत की कोई गुंजाइश नहीं होगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अवैध खनन पर अंकुश लगाने की रणनीति पर चर्चा की। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि कार्रवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि ऐसी हो जो खनिज माफियाओं में कानून का भय पैदा करे। इसके लिए दिन ही नहीं, रात के समय भी संयुक्त टीमों द्वारा सरप्राइज रेड, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और ई-चेक पोस्टों की सक्रिय मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिले के सभी स्वीकृत खनिज भंडारण स्थलों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। ऑनलाइन दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान होगा। गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। नए भंडारण लाइसेंस के लिए वैध खनिज स्रोत, भूस्वामी की सहमति और आवश्यक लाइसेंस अनिवार्य किए गए हैं। वहीं ट्रांजिट पास (टीपी) केवल स्वीकृत शासकीय निर्माण कार्यों की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही जारी किए जाएंगे।
बैठक खत्म, कार्रवाई शुरू
टास्क फोर्स के निर्देशों का असर उसी दिन मैदान में भी दिखाई दिया। विशेष अभियान के दौरान खनिज विभाग की टीम ने ई-ट्रांजिट पास में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज परिवहन करते हुए दो हाइवा वाहनों को पकड़ लिया।
उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित के अनुसार, जांच के दौरान हाइवा क्रमांक आरजे-18-जीडी-4656 निर्धारित मात्रा से अधिक खनिज परिवहन करते पाया गया। वाहन को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा के लिए स्लीमनाबाद थाना में खड़ा कराया गया। इसके अलावा हाइवा क्रमांक एमपी-21-जेडडी-0703 भी ओवरलोड खनिज परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसे जब्त कर कुठला थाना के सुपुर्द किया गया।
दोनों मामलों में अवैध खनिज परिवहन के प्रकरण दर्ज कर लिए गए हैं। आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे। यह कार्रवाई उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं कमलकांत परस्ते की संयुक्त टीम ने की।
रात में भी रहेगी पैनी नजर
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान रुकने वाला नहीं है। संवेदनशील खदानों पर अचानक छापे, ओवरलोड वाहनों की विशेष जांच, बिना नंबर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई और रात के समय होने वाले अवैध परिवहन पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी।
अब निगाह बड़े खिलाड़ियों पर
दो हाइवा जब्त होने के बाद जिले में सक्रिय खनिज कारोबारियों में हलचल है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशासन की यह मुहिम छोटे वाहनों तक सीमित रहती है या फिर अवैध खनन के बड़े नेटवर्क और कथित खनिज माफियाओं तक भी कार्रवाई का दायरा पहुंचता है।







