मोटरसाइकिल की डिक्की से 1.206 किलो गांजा बरामद, आरोपी के 13 आपराधिक मामले दर्ज

मोटरसाइकिल की डिक्की से 1.206 किलो गांजा बरामद, आरोपी के 13 आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस का दावा– जब्त 30,800 रुपए पत्नी के बताए जाने पर लौटाए, शिकायत को बताया बेबुनिया
जबलपुर, यश भारत। घनसौर निवासी अजय उर्फ आदित्य यादव उर्फ अज्जू को गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उससे जुड़ी शिकायतों पर अपना पक्ष रखा है। पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अज्जू मोटरसाइकिल में गांजा रखकर बेचने के लिए जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
डिक्की से मिला गांजा, 30,800 रुपए भी बरामद
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की डिक्की में रखी प्लास्टिक की थैली से 1 किलो 206 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपी के पास से 30 हजार 800 रुपए नकद मिले। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने यह रकम पत्नी की होना बताया था। इसके बाद उसकी पत्नी को थाने बुलाकर पूरी राशि वापस कर दी गई। पुलिस का दावा है कि रकम लौटाने की पूरी प्रक्रिया का वीडियो भी बनाया गया है।
आरोपी पर पहले से 13 मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, अजय उर्फ आदित्य यादव आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गांजे से जुड़े तीन मामले भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोप लगाया कि आरोपी अपने वकील के माध्यम से दबाव बनाने और कार्रवाई से बचने के लिए अनावश्यक शिकायतें कर रहा है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों और पुलिस के इस पक्ष की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।







