ऐशबाग डबल मर्डर केस में ₹50 हजार का इनाम घोषित, सुराग तलाशने में जुटीं पुलिस की टीमें

ऐशबाग डबल मर्डर केस में ₹50 हजार का इनाम घोषित, सुराग तलाशने में जुटीं पुलिस की टीमें
भोपाल, यशभारत। राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज बुजुर्ग दंपति दोहरे हत्याकांड में पुलिस के हाथ कई दिन बीत जाने के बाद भी खाली हैं। हत्यारों का सुराग लगाने और मामले का खुलासा करने के लिए अब पुलिस कमिश्नर ने ₹50 हजार की इनाम राशि घोषित की है। यह इनाम उस व्यक्ति को दिया जाएगा जो आरोपियों या इस पूरी साजिश से जुड़ी कोई भी पुख्ता सूचना पुलिस तक पहुंचाएगा।
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने और अब तक की कार्रवाई की समीक्षा करने के लिए पुलिस कमिश्नर कार्यालय में एक हाई-लेवल बैठक आयोजित की गई। डीसीपी अखिल पटेल की मौजूदगी में हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में क्राइम ब्रांच, साइबर सेल और मामले के लिए गठित की गई 12 सदस्यीय एसआईटी के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में अब तक की जांच, तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि पुलिस की सभी टीमें बेहद संगठित और व्यवस्थित तरीके से हर संभावित एंगल पर बारीकी से काम कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि तकनीकी और जमीनी स्तर पर लगातार की जा रही पड़ताल के बावजूद फिलहाल पुलिस को कोई बड़ी या निर्णायक लीड हाथ नहीं लगी है।
गौरतलब है कि पॉश इलाके में बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हुई इस हत्या के बाद से पूरे क्षेत्र के रहवासियों में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस का दावा है कि टीमें जल्द ही किसी ठोस नतीजे पर पहुंच जाएंगी।







