मध्य प्रदेशराज्य

हेड कांस्टेबल ने छतरपुर में पुलिस चौकी के भीतर की आत्महत्या : घरेलू समस्याओं और मानसिक दबाव के चलते उठाया आत्मघाती कदम

सागर , यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ छतरपुर जिले के नौगांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बस स्टैंड स्थित पुरानी पुलिस चौकी के भीतर एक प्रधान आरक्षक (हेड कांस्टेबल) का शव फंदे से लटकता मिला। मृतक की पहचान सागर निवासी तरुण गंधर्व (उम्र लगभग 38-40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नौगांव थाने में पदस्थ थे। इस हृदय विदारक घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

तनाव की वजह बना आत्मघाती कदम

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी छतरपुर विजय खत्री ने ‘यश भारत’ के संभागीय ब्यूरो से विशेष चर्चा में स्पष्ट किया कि अब तक की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मुख्य कारण पारिवारिक तनाव सामने आया है। डीआईजी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि घरेलू समस्याओं और मानसिक दबाव के चलते प्रधान आरक्षक ने यह कठिन कदम उठाया। पुलिस प्रशासन अब मृतक के परिजनों से संपर्क कर मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रहा है।

आश्रितों को मिलेगा शासन का संरक्षण

डीआईजी विजय खत्री ने मानवीय संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया है कि विभाग दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि शासन एवं विभाग के नियमानुसार मृतक के आश्रितों को जो भी आवश्यक सहायता, अनुकंपा और संरक्षण मिलना चाहिए, वह प्राथमिकता के साथ प्रदान किया जाएगा।

घटनास्थल का निरीक्षण करने एसपी रजत सकलेचा और एफएसएल की टीम भी पहुंची थी। बताया गया कि तरुण गंधर्व ने वारदात के लिए बस स्टैंड स्थित उस पुरानी चौकी को चुना जो वर्तमान में निष्क्रिय है। वर्तमान में विभाग का कामकाज नई चौकी से संचालित हो रहा है। रात के सन्नाटे में उन्होंने वहां जाकर फांसी लगा ली। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है इसके बाद मृतक का अंतिम संस्कार सागर में कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button