कटनी

हीरागंज में ज्वलेरी दुकान में लूट के बाद कार से कुचलकर हत्या की कोशिश, गांव में हुए विवाद के बाद आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम, एक आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हीरागंज स्थित प्रेम ज्वेलर्स में शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरे करीब 95 हजार रुपए मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की शिकायत संतोष कुमार सोनी निवासी देवराखुर्द ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई। इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है। आरोपी विनोद तिवारी उर्फ गुलानी महाराज निवासी देवराखुर्द को एनकेजे पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में गिरफ्तार किया है। इसी आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। खिरहनी पुलिस चौकी प्रभारी कौशल कुमार द्विवेदी ने बताया कि संतोष कुमार अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी गांव के विनोद तिवारी अपने दो साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे। इनमें एक की पहचान नहीम के रूप में हुई है, जबकि तीसरे व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो पाई है। तीनों ने काउंटर पर रखे जेवर उठाने की कोशिश की। जब संतोष कुमार ने विरोध किया तो विनोद तिवारी ने दुकान में रखी बेंच उठाकर तोड़ दी। इस घटना से भयभीत पीडि़त कुछ नहीं बोल पाया पाया। आरोपियों ने मौके का फायदा उठाते हुए 3 जोड़ी चांदी की पायल लगभग 100 ग्राम और 2 जोड़ी सोने के टॉप्स लगभग 5 ग्राम लूटकर फरार हो गए। पीडि़त ने बताया कि लूटे गए जेवरों की कुल कीमत करीब 95 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज कर लिया है और तीनों आरोपियों आरोपियों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय गवाहों के बयानों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि इस घटना को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए टीम प्रयास कर रही हैं। पुलिस ने बताया कि पहले से भी इनका विवाद था इसलिए विवेचना जारी है।
काउंटर मामला दर्ज
मामले में मिली जानकारी के अनुसार एनकेजे थाना क्षेत्र में देवराखुर्द गांव के दोनों निवासी है। किसी बात को लेकर लूट की रिपोर्ट दर्ज होने से पहले संजय कुमार सोनी व विनोद तिवारी से हुए विवाद की रिपोर्ट भी एनकेजे थाना में दर्ज की गई थी। इसमें दोनों पक्षों की शिकायत के बाद एनकेजे थाना क्षेत्र में दोनों पर काउंटर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पुलिस सभी पहलुओं को देखते हुए मामले की जांच कर रही है।
हत्या के प्रयास के आरोपी गिरफ्तार, एनकेजे का मामला, पुलिस ने जब्त की कार
एनकेजे पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत ने बताया कि विगत 2 जुलाई को देवराखुर्द निवासी 65 वर्षीय बिहारी लाल सोनी ने विनोद तिवारी उर्फ गुलानी महाराज के खिलाफ गाली गलौज और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद जब बिहारी लाल सोनी अपने पुत्र संजय सोनी और सतेंद्र सोनी के साथ घर लौट रहे थे, तभी जुहली मोड़ नहर पुलिया के पास आरोपी कार लेकर पहुंचा। आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने से नाराज विनोद तिवारी ने पहले उन्हें रोककर जान से मारने की धमकी दी और फिर उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से ठोकर मार दी। बाइक सवारों के गिरने के बाद आरोपी ने बिहारी लाल सोनी को कार से कई बार कुचलने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर एनकेजे पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस ने आरोपी विनोद तिवारी उर्फ गुलानी महाराज निवासी देवराखुर्द को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार एमपी 21 जेडजे 7617 भी जब्त कर ली है। कार्रवाई में एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत, एएसआई सहपाल परतेती, एएसआई केवल उइके, एएसआई मनोज कुडापे, प्रधान आरक्षक शैलेष दामोहिया, आरिफ हुसैन, आरक्षक अर्पित पटेल, आरक्षक जज कुमार, सुजीत रजक, सायबर सेल से अजय साकेत, अमित श्रीपाल, चंदन प्रजापति एवं एनआरएस आनंद तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button