मध्य प्रदेशराज्य

हिंसक झड़प में घायल वृद्ध की मौत : शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन, दो आरोपी गिरफ्तार 3 फरार

Table of Contents

रीवा lमध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में एक बार फिर पुलिस की लापरवाही ने हालात को बेकाबू कर दिया। हनुमना थाना क्षेत्र के कोनी गांव में एक सप्ताह पहले हुई हिंसक झड़प में घायल वृद्ध की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर दिया।

 आक्रोशित भीड़ ने शव को थाने के सामने रखकर घंटों तक सड़क जाम कर दी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हनुमना थाना क्षेत्र के कोनी गांव में 30 सितंबर को दो पक्षों में हुई हिंसक झड़प में छोटेलाल कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया था। रीवा के संजय गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पूरे कुशवाहा परिवार में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को थाने के सामने रखकर चक्काजाम कर दिया। भीड़ ने आरोप लगाया कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो यह मौत नहीं होती।

हालात बिगड़ते देख एसडीओपी सचि पाठक और एसडीएम रश्मि चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। कई घंटे की मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया गया। आनन-फानन में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। आपको बता दें कि कुशवाहा और पाठक परिवार के बीच पहले भी झड़पें हो चुकी हैं। जिनमें एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि थाना प्रभारी की निष्क्रियता के कारण क्षेत्र में लगातार कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है। SDOP सचि पाठक ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, बाकी की तलाश जारी है। स्थिति अब नियंत्रण में है। वहीं SDM रश्मि चतुर्वेदी ने कहा कि हमने परिजनों से बात की है, उचित कार्रवाई की जाएगी। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button