नरसिंहपुर हाईवे नरसंहार: पुलिस रिमांड में टूटे नहीं ‘हत्यारे’, प्रीतम-शुभम का सुराग अब भी पहेली!

जबलपुर/नरसिंहपुरl भोपाल-जबलपुर हाइवे क्रमांक 45 पर इंदिरानगर के पास 19 जुलाई को हाइवा से पांच लोगों को कुचलकर हत्या के सनसनीखेज मामले में फरार तीन आरोपियों में से एक आरोपी ऋतुराज भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। कहा जा रहा है कि आरोपी मढ़ाताल थाना पहुंचने की सूचना मिलने के बाद जिले की पुलिस उसे जबलपुर से ले आई है। वहीं दो दिन की रिमांड पर लिए गए मुख्य आरोपी आनंद लोधी एवं अनुज व राजा से पुलिस अब तक यह पता नहीं कर पाई है कि फरार प्रीतम व शुभम कहां हैं।
वहीं पुलिस गिरफ्तार आरोपी जबलपुर निवासी डॉ. अमित खरे की डिग्री के संबंध में भी जांच पड़ताल करा रही है कि उसकी डिग्री फर्जी है या सही है। इसके लिए जबलपुंर सीएमएचओ से पत्राचार किया जा रहा है।
सुआतला थाना क्षेत्र के तहत हुए इंदिरानगर हत्याकांड में पुलिस ने पकड़े गए 8 आरोपियों में से तीन आरोपियों आनंद, अनुज व राजा को दो दिन की रिमांड पर लिया था। जिनकी रिमांड आज सोमवार को पूरी होने पर उन्हें फिर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार रिमांड में तीनों आरोपियों से कई स्तर पर पूछताछ की गई है जिसमें यह पता चल सके कि कहीं इस पूरे हत्याकांड में पैसों के लेन-देन संबंधी कोई कड़ी तो नहीं है। पूछताछ में आरोपी फरार प्रीतम व शुभम के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दे सके हैं और वह दोनों की घटना में उसी भूमिका को दोहरा रहे हैं जो पहले वह पुलिस के सामने बयां कर चुके हैं। घटना के बाद आनंद के बुधगांव पहुंचने और वहां आरोपी दी गई जानकारी के संबंध में भी पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि आनंद की बातों में कितनी सच्चाई है और कहीं घटना से बुधगांव का कोई सीधा कनेक्शन तो नहीं है।
ऋतुराज से पूछताछ में भी खुल सकते हैं कई राज
घटना में 8 आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद फरार ऋतुराज खुद मढ़ाताल थाना पहुंचा या उसे पुलिस ने दबोचा इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही है। रविवार को जैसे ही जिले की पुलिस को सूचना मिली कि ऋतुराज मढ़ाताल पुलिस की अभिरक्षा में है जो एसपी के निर्देश पर एक टीम उसे लेने जबलपुर पहुंची और उसे अभिरक्षा में लेेकर वापिसी की। पुलिस को उम्मीद है कि मामले में ऋतुराज के जरिए भी कई राज सामने आ सकते हैं क्योंकि पूरे घटनाक्रम में उसकी भूमिका भी सक्रिय थी।
इन्होने कहा…
फरार ऋतुराज को लेने टीम को जबलपुर भेजा गया था, उससे भी पूछताछ होगी। तीन आरोपी आनंद, अनुज व राजा की रिमांड दौरान कई एंगल पर पूछताछ की गई है। आनंद के बुधगांव जाने और वहां वाहन छोडऩे के संबंध में भी बारीकी से जांच हो रही है। आरोपी डॉ. अमित खरे की डिग्री की सत्यता जानने भी सीएमएचओ जबलपुर से जांच कराने पत्राचार किया जा रहा है।
डॉ. ऋषिकेश मीना, एसपी नरसिंहपुर







