मध्य प्रदेशराज्य

हत्याकांड का खुलासा: 4 आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह… पढ़े सनसनीखेज घटनाक्रम

 

दमोह। जिले के हिंडोरिया थाना पुलिस ने 23 जून को सामने आए चर्चित अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश और थप्पड़ मारकर किए गए अपमान का बदला लेने के लिए आरोपियों ने मिलकर युवक की हत्या की साजिश रची थी।

 

 

पुलिस के मुताबिक, 23 जून 2026 को वार्ड क्रमांक-07 स्थित एक किराए के मकान में 28 वर्षीय बुच्ची उर्फ आमिर खान का शव खून से लथपथ मिला था। घटनास्थल पर मृतक की दोनों जांघों पर चाकू के गहरे घाव पाए गए। मृतक के भाई इरशाद खान की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की गतिविधियों, संपर्कों और तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की। पूछताछ और साक्ष्यों से सामने आया कि घटना से एक रात पहले गोप तलैया के पास मृतक का रामजी ठाकुर, पवन ठाकुर, शेर खान और चंदन सिंह के साथ विवाद हुआ था।

पुलिस ने संदेह के आधार पर चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि मृतक और रामजी के बीच पहले से रंजिश थी। विवाद के दौरान मृतक द्वारा रामजी को थप्पड़ मारने से वह अपमानित महसूस कर रहा था। इसी के चलते चारों ने मिलकर रात करीब 1 बजे मृतक के कमरे पर पहुंचकर हमला किया, जहां रामजी ने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू, सफेद रंग की होंडा ट्विस्टर मोटरसाइकिल, घटना के समय पहनी गई शर्ट और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:

रामजी ठाकुर (20), वार्ड नं. 05, हिंडोरिया

पवन ठाकुर (22), वार्ड नं. 05, हिंडोरिया

शेर खान (22), वार्ड नं. 07, हिंडोरिया

चंदन सिंह (20), वार्ड नं. 04, हिंडोरिया

पुलिस ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button