स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सख्ती, सड़कों पर उतरा परिवहन विभाग
27 स्कूल और यात्री बसों की जांच, बिना फिटनेस संचालित बस जब्त; नियमों के पालन को लेकर चेतावनी

स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सख्ती, सड़कों पर उतरा परिवहन विभाग
27 स्कूल और यात्री बसों की जांच, बिना फिटनेस संचालित बस जब्त; नियमों के पालन को लेकर चेतावनी
कटनी,यशभारत। 
जिले में स्कूली बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर के निर्देश पर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में कटनी-जबलपुर एवं कटनी-निवार मार्ग पर स्कूल और यात्री बसों का सघन निरीक्षण किया गया।अभियान के दौरान 12 स्कूल बसों और 15 यात्री बसों सहित कुल 27 बसों की जांच की गई। इस दौरान फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। साथ ही वाहनों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान एक यात्री बस बिना वैध फिटनेस प्रमाण पत्र के संचालित पाई गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बस को तत्काल जब्त कर निवार चौकी में सुरक्षित रखा गया। संबंधित वाहन स्वामी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने कहा कि बिना फिटनेस के वाहन सड़क पर चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने सभी वाहन संचालकों से समय पर दस्तावेजों का नवीनीकरण कराने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।







