भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल आबकारी विभाग ने फरार चल रहे दो शातिर तस्करों को किया गिरफ्तार, अवैध अहातों पर चला प्रशासन का हंटर

भोपाल आबकारी विभाग ने फरार चल रहे दो शातिर तस्करों को किया गिरफ्तार, अवैध अहातों पर चला प्रशासन का हंटर

कोलार, रत्नागिरी तिराहा समेत कई इलाकों में ताबड़तोड़ दबिश, सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने-पिलाने वालों पर दर्ज किए 16 केस

भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने चौतरफा कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने एक तरफ जहां लंबे समय से चकमा दे रहे दो फरार आरोपियों को धर-दबोचा, वहीं दूसरी ओर शहर के आधा दर्जन से अधिक इलाकों में संचालित अवैध अहातों को नेस्तनाबूद कर दिया।

मुखबिर की सूचना पर चंदुखेड़ी में घेराबंदी

नियंत्रण कक्ष प्रभारी आर.जी. भदौरिया ने बताया कि आबकारी विभाग की टीम को लंबे समय से कुछ फरार आरोपियों की तलाश थी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी परवलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चंदुखेड़ी में छिपे हुए हैं। टीम ने बिना वक्त गंवाए चंदुखेड़ी में हर्ष मीणा जूस सेंटर के पीछे घेराबंदी कर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम के गंभीर और गैर-जमानती मामलों में फरार चल रहे आरोपी अजमल मीणा और गुरवेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

WhatsApp Image 2026 07 14 at 16.56.31

सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों में हड़कंप

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही आबकारी विभाग ने मदिरा दुकानों के आसपास अवैध रूप से पैर पसार रहे अहातों के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया। विभाग की विशेष टीमों ने रत्नागिरी तिराहा, पटेल नगर, कोकता, बिलखिरिया, खुमरी कला और कोलार जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में मदिरा दुकानों के आसपास औचक दबिश दी।

इस कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब पीने और पिलाने वालों के बीच अफरा-तफरी मच गई। नियमों को ताक पर रखकर सरेराह जाम छलकाने वाले कुल 16 लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(क) और (ख) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों को पूरी तरह रोकने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button