सायबर अटैक : मोबाइल को किया हैक, खाते से उड़ाए 72 हजार रुपए, कुठला और माधवनगर पुलिस ने दर्ज किया मामला

कटनी, यशभारत। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रानगर में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति का मोबाइल हैक कर यूपीआई के जरिए बैंक खाते से 72 हजार रुपए पार कर दिए। शिकायत पर कुठला पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार इंद्रानगर निवासी शिवेंद्र सिंह बघेल की क्षेत्र में ही दुकान है। शिवेंद्र अपनी दुकान पर थे, तभी अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। मोबाइल का एक्सेस मिलते ही ठगों ने यूपीआई आईडी का इस्तेमाल कर खाते से 72 हजार रुपए उड़ा दिए। साइबर ठगी का अहसास होते ही उन्होंने कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
बैंक खाते से पार हुए 28 हजार रुपये
माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरगवां में एक युवक के बैंक खाते में सेंध लगाकर शातिर ठग ने हजारों रुपये पार कर दिए। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भनपुरा निवासी सुजल राठौर पिता अमरजीत राठौर का यूको बैंक में खाता है। विगत दिवस सुजल के खाते से अचानक 28 हजार 600 रुपये कट गए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद युवक के होश उड़ गए। उसने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई। माधवनगर पुलिस ने शिकायत पर गहनता से जांच करते हुए अपराध पंजीकृत किया है।







