मध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

सागर जहरीली शराब कांड : मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली… देखें पूरे वीडियो

सागर, यशभारत ।जहरीली शराब प्रकरण के मुख्य आरोपी और 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को मालथौन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इनामी बदमाश मनीष लोधी और उसका साथी आशीष साहू घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से दो देशी कट्टे, कारतूस और एक बेसबॉल का डंडा बरामद किया है।

​मिली जानकारी के अनुसार, थाना बड़ा और विनायका क्षेत्र में हुए चर्चित जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी मनीष लोधी की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। 23 सितंबर की दरमियानी रात करीब 3 बजे पुलिस टीम को मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया सेसई रोड घाटी के पास आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली।

​पुलिस टीम ने जब आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, तो मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली मनीष लोधी के पैर में लगी। वहीं, भागने के प्रयास में उसका साथी आशीष साहू भी घायल हो गया।
​अवैध हथियार और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से आरोपियों के कब्जे से 2 देशी कट्टे, 5 खाली राउंड (कारतूस) और 1 बेसबॉल डंडा जब्त किया है।

​घटना के तुरंत बाद दोनों घायल बदमाशों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button