सरिया से भरे ओपन ट्राला ने 7 वर्षीय मासूम को रौंदा : मौके पर मौत…पलारी तिगड्डा में दर्दनाक हादसा, घटना के बाद चालक फरार… देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पलारी तिगड्डा में शनिवार दोपहर सिवनी-मंडला मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर पैदल जा रहे मासूम को सरिया से भरे ओपन ट्राला ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए तनाव एवं आक्रोश की स्थिति निर्मित हो गई।
जानकारी के अनुसार, मासूम अनुज पिता सोनू चौरसिया, उम्र करीब 7 वर्ष पलारी तिगड्डा क्षेत्र में सड़क पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान सरिया से लदा ओपन ट्राला मंडला की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान ट्राला की चपेट में आने से अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि मासूम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना से लोगों में नाराजगी देखी गई। सूचना मिलने पर कान्हीवाड़ा पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्राला को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है।
पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कान्हीवाड़ा भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने फरार ट्राला चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
पलारी तिगड्डा क्षेत्र सिवनी-मंडला मार्ग पर स्थित होने के कारण यहां वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के बीच पैदल चलने वाले लोगों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी की आवश्यकता है। हादसे के बाद क्षेत्र में एक बार फिर भारी वाहनों की गति और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं।
पुलिस द्वारा मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। फरार चालक के पकड़े जाने के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट होने की उम्मीद है।






