रॉयल दमयंती होटल में बड़ा हादसा: गैस पाइपलाइन फटने से लगी आग, एक की मौत, दो गंभीर…. देखें पूरा वीडियो

दमोह। जबलपुर नाका स्थित होटल रॉयल दमयंती में शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान खाना बनाने के दौरान गैस पाइपलाइन फटने से अचानक आग लग गई। हादसे में कैटरिंग का काम कर रहे तीन लोग झुलस गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि होटल में आयोजित कार्यक्रम के लिए कैटरिंग सर्विस बाहर से बुलाई गई थी। खाना बनाने के दौरान गैस पाइपलाइन में अचानक खराबी आने के बाद पाइपलाइन फट गई और आग की चपेट में आने से वहां मौजूद तीन लोग झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को तत्काल जिला चिकित्सालय दमोह भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं एक व्यक्ति की मौत की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।







