सडक़ हादसे के बाद निजी स्कूलों के वाहनों की चैकिंग, विजयराघवगढ़ पुलिस चलाया विशेष अभियान

विजयराघवगढ़, यशभारत। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में हुये सडक़ हादसे को ध्यान में रखते हुये थाना क्षेत्र में संचालित सभी प्राईवेट एवं अद्र्धशासकीय स्कूलों में संचालित वाहनों को विजयराघवगढ़ थाने में चैक किया गया। सभी स्कूली वाहनों के संपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन किया गया और वाहन चालकों के संबंध में विजयराघवगढ़ थाने का आपराधिक अभिलेख दिखवाया जाकर सिलसिलेवार सत्यापन कर रजिस्टर में इंद्राज कराया गया है, साथ ही वाहनों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। पुलिस द्वारा वाहनों को चेक करते समय यह देखा गया कि वाहनों के दरवाजे सही तरह से संचालित हो रहे हैं अथवा नहीं। सभी बच्चों के बैठने की स्थिति एवं अन्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं देखी गई। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि अवकाश के दिनों में यह विशेष अभियान इसलिए चलाया गया है, ताकि स्कूली बच्चों के वाहनों को अनावश्यक ना रोका जाए और उनकी चेकिंग भी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने करीब 40 वाहनों को चेक किया है। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा निर्देश एवं कानून की जानकारी भी दी गई। स्कूल संस्थापक एवं वाहन स्वामी, चालकों को वाहन के दस्तावेज अपडेट रखने तथा वाहनों में बच्चे बैठे होने की स्थिति में सावधानी पूर्वक वाहन चलाने तथा यातायात के नियमों का पालन करने हेतु आवश्यक हिदायत दी गई।






