विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : विश्वास सारंग युवाओं के विचारों और नवाचारों को मिलेगा मंच , वीडियो देखें

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : विश्वास सारंग
युवाओं के विचारों और नवाचारों को मिलेगा मंच
भोपाल यश भारत। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने प्रेस कांफ्रेंस कर कार्यक्रम की रूपरेखा और मध्यप्रदेश में युवाओं की सहभागिता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश के विकास और कल्याण को नई दिशा देने के साथ युवाओं की शक्ति को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। सारंग ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं। युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ उन्हें हर स्तर और क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विगत कई वर्षों से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा हर समय क्रांति के प्रतीक रहे हैं। युवाओं के विचारों और सुझावों को इस कार्यक्रम के माध्यम से सामने लाया जाएगा। प्रतिभागियों को अपने विचार और सुझाव पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में चयनित युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
मध्यप्रदेश में 3.86 लाख से अधिक युवाओं का पंजीयन , मंत्री सारंग ने बताया कि विगत दो वर्षों में इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की प्रतिभागिता सबसे अधिक रही है। इस वर्ष प्रदेश में 3 लाख 86 हजार से अधिक युवाओं ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश से करीब 6 लाख युवाओं के ऑनलाइन पंजीयन की संभावना है। चरणबद्ध तरीके से युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। मध्यप्रदेश के लिए कार्यक्रम में ट्राइबल लीडरशिप नेचुरल रिसोर्सेस और इन्क्लूसिव डेवलपमेंट को थीम के रूप में निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही यूथ पार्लियामेंट सांस्कृतिक गतिविधियों इनोवेट फॉर भारत सहित विभिन्न श्रेणियों में युवा सहभागिता करेंगे। सारंग ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में टेक्नोलॉजी की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। यह एक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है, जिसमें युवाओं के भीतर छिपे हर आइडिया को सामने लाने और उसे प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का युवा इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा है और प्रदेश के युवाओं की तत्परता के साथ अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करना सरकार का लक्ष्य है। कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर दिल्ली में होगा। इस दौरान चयनित युवा अपने विचार और सुझाव देश के सामने रखेंगे।






