जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना खंडवा ने कोयला अनलोडिंग करने का कीर्तिमान रचा साढ़े चार घंटे औसत से अनलोड किए गए 14 रैक

जबलपुर, । मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड की श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना खंडवा में नव वर्ष के प्रथम दिवस कोल रैक से कोयला अनलोडिंग करने का नया कीर्तिमान रचा गया है। कोयले की सतत उपलब्धता के लिए समय से रैक खाली किए जाने का महत्वपूर्ण योगदान होता है। खंडवा स्थित श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह में 1 जनवरी को प्राप्त सभी 14 रैकों को रेलवे द्वारा निर्धारित किए गए समय से कम समय में खाली किया (अनलोड) गया। यह श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना की स्थापना से अभी तक एक ही दिन में सर्वाधिक रैक खाली करने का कीर्तिमान है।

रेलवे द्वारा श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना हेतु पांच घंटे प्रति रैक का समय निर्धारित है, लेकिन 1 जनवरी को ताप विद्युत परियोजना में रैक को और भी कम समय में (4 घंटे 30 मिनट प्रति रैक) खाली करने का उल्लेखनीय कार्य किया गया। उल्लेखनीय है कि निर्धारित समय से ज्यादा समय लगने पर रेलवे द्वारा विलंब शुल्क (डेमरेज चार्ज) अधिरोपित किया जाता है। एक ही दिन में अधिक रैक आने पर इन्हें समयावधि में खाली करना जटिल कार्य है, इस कार्य को सफलतापूर्वक करने के लिए संपूर्ण प्रणाली व उपकरणों की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित करनी होती है। निर्धारित समय से कम समय में रैक खाली होने से रेलवे को कोल परिवहन हेतु रैक उपलब्धता बढ़ जाती है। परियोजना के अभियंताओं के कार्मिकों के सतत् प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है।

इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री संजय दुबे व पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक श्री मनजीत सिंह हर्ष व्यक्त करते हुए श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना डोंगलिया के समस्त अभ‍ियंताओं व कार्मिकों को बधाई दी है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना में भविष्य में इसी प्रकार के उत्कृष्ट कार्य क्रियान्वित होने के साथ नए कीर्तिमान बनेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button