रीवा l रीवा में आज पूर्व सांसद के निधन से शोक की लहर हैl राम मंदिर आंदोलन के संत और पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती का आज सोमवार को निधन हो गया। मध्य प्रदेश के रीवा में दोपहर 12.20 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 67 साल के थे। वेदांती की रीवा में रामकथा चल रही थी। इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई।
दो दिन से उनका इलाज रीवा के एक हॉस्पिटल में चल रहा था। सोमवार सुबह तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें एयरलिफ्ट करके भोपाल एम्स ले जाने की तैयारी थी। एयर एम्बुलेंस पहुंच भी गई, लेकिन कोहरे की वजह से लैंड नहीं कर सकी।
डॉ. वेदांती का जन्म रीवा के गुढ़वा गांव में 7 अक्टूबर 1958 को हुआ था। जब वह 12 साल के थे, तब अयोध्या आ गए थे। उनका पूरा जीवन यहीं पर बीता। यूपी के प्रतापगढ़ और जौनपुर की मछलीशहर सीट से वह दो बार भाजपा के सांसद भी रहे। उनके उत्तराधिकारी महंत राघवेश दास वेदांती ने उनके निधन की पुष्टि की है। उनका पार्थिव शरीर आज अयोध्या ले जाया जा रहा है जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
Back to top button