मध्य प्रदेशराज्य

शादी के नाम पर ठगी का खेल! : पुलिस ने लुटेरी दुल्हन को सहयोगियों सहित किया गिरफ्तार

दमोह। शादी के नाम पर लोगों से लाखों रुपये और जेवरात ऐंठने वाले गिरोह का दमोह देहात पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में कथित लुटेरी दुल्हन खुशबू राजपूत सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन और 7,700 रुपये नगद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, बांसा तारखेड़ा निवासी दिनेश विश्वकर्मा उम्र 38 वर्ष ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव की नर्मदा पटेल ने उसकी मुलाकात सागर जिले के कनेरा निवासी नीरज पटेल और मालती पटेल से कराई। इसके बाद जबलपुर के रांझी निवासी खुशबू राजपूत से 20 अप्रैल 2026 को रानगिर मंदिर में शादी कराई गई।

शादी के एवज में दिनेश से 1 लाख 70 हजार रुपये नगद और करीब 2 लाख 40 हजार रुपये के जेवर खुशबू राजपूत को दिए गए थे। शादी के तीन दिन बाद यानी 23 अप्रैल को मालती पटेल, खुशबू की बड़ी बहन बनकर बांसा तारखेड़ा पहुंची और कुछ दिन बाद दुल्हन को वापस भेजने की बात कहकर अपने साथ जबलपुर ले गई। इसके बाद खुशबू ने दिनेश से संपर्क नहीं किया।

शिकायत के आधार पर दमोह देहात पुलिस ने धारा 318(4), 336(3), 340(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में सामने आया गिरोह का कनेक्शन

विवेचना के दौरान पुलिस ने 28 अगस्त को नर्मदा पटेल और मालती पटेल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मालती पटेल ने कथित तौर पर अपने पति नीरज उर्फ धीरज पटेल के साथ मिलकर शादी के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर पैसे कमाने की बात बताई।

पुलिस के मुताबिक, नीरज उर्फ धीरज के खिलाफ अमानगंज, पन्ना में भी लुटेरी दुल्हन से संबंधित मामला दर्ज है और वह वर्तमान में पन्ना जेल में बंद है। पुलिस ने मालती के मोबाइल की जांच की तो उसमें कई लड़कियों के कथित कूट रचित आधार कार्ड भी मिले।

नर्मदा और मालती को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल दमोह भेज दिया गया।

राजस्थान में भी कर चुकी थी दूसरी शादी

पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए 31 अगस्त को खुशबू राजपूत को रांझी, जबलपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद खुशबू ने कोटा, राजस्थान में भी दूसरी शादी कर ली थी। आरोपी को अब न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

 

पूरे मामले के खुलासे में थाना दमोह देहात पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय, उप निरीक्षक विक्रम दांगी, प्रधान आरक्षक रामकुमार, आरक्षक अखलेश छारी, योगेन्द्र, मनीष, महिला आरक्षक रचना विश्वकर्मा, महिला सैनिक गीता पटेल एवं सैनिक महफूज शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है। मामले में फरार आरोपी नीरज उर्फ धीरज पटेल की भूमिका को लेकर भी पुलिस की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button