वर्दी पहनकर शराब खरीदते पुलिस कर्मी का वीडियो वायरल, महकमे की कार्यशैली पर उठे सवाल

कटनी, यशभारत। कटनी रेलवे स्टेशन के पास ईश्वर कृपा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स स्थित शराब दुकान से एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर यूनीफार्म पहनकर शराब खरीदने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और वर्दी की गरिमा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में एक प्रधान आरक्षक स्तर का पुलिसकर्मी वर्दी में शराब दुकान से शराब खरीदता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। लोगों का कहना है कि पुलिस की वर्दी आम जनता में कानून और अनुशासन का प्रतीक मानी जाती है। ऐसे में यदि कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी अथवा वर्दी पहनकर शराब खरीदता हुआ दिखाई देता है, तो इससे पुलिस विभाग की छवि और वर्दी की गरिमा पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है, हालांकि वायरल वीडियो यशभारत पुष्टि नहीं करता है।







