लोकायुक्त की बड़ी कार्यवाही : तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू को किया ट्रैप

रीवा। भ्रष्टाचार कम होने का नाम नही ले रहा है । अधिकारी कर्मचारी खुले आम आम जनता के साथ लूट कर रहे है यदि जिला कलेक्टर द्वारा सख्ती दिखाई जाती है तो वही लोग एक जुट होकर विरोध करने लगते है।
इसी कड़ी में जिले के त्योंथर तहसील में रीवा लोकायुक्त टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए त्यौंथर तहसील कार्यालय में पदस्थ भ्रष्ट बाबू अनिल त्रिपाठी को 9500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
शिकायतकर्ता अजय मिश्रा निवासी ग्राम डाढाकला, पोस्ट चंद्रपुर, थाना जनेह, तहसील त्यौंथर ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
कि तहसील कार्यालय त्योंथर में पदस्थ बाबू अनिल कुमार त्रिपाठी द्वारा लंबित विवादित जमीन की बेदखली के निराकरण और पक्ष में फैसला करवाने के नाम पर 80000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। साथ ही बेदखली की कार्रवाई का डर दिखाकर दबाव बनाया जा रहा था।
लोकायुक्त टीम रीवा द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ट्रैप दल गठित किया गया और तहसीलदार कार्यालय त्यौंथर वृत्त चाक के कार्यालय कक्ष में आरोपी को 9500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ ट्रैप किया गया।
आरोपी अनिल त्रिपाठी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उक्त कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रीवा प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में ट्रैप दल में निरीक्षक एस. राम. मरावी सहित 12 सदस्यीय टीम और स्वतंत्र शासकीय गवाह शामिल रहे।
लोकायुक्त अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल लोकायुक्त कार्यालय या दूरभाष के माध्यम से शिकायत करें।







