मध्य प्रदेशराज्य

लापरवाह पटवारी  निलंबित : प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई 

 सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के बण्डा तहसील अंतर्गत ग्राम हिण्डोरिया सहित कई ग्रामों में शासकीय कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने पर पटवारी स्वाति जैन के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। प्रशासन द्वारा उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। 

तहसीलदार, बण्डा द्वारा उक्त संबंध में प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार दिनांक 02 जनवरी को ग्राम हिण्डोरिया में औचक निरीक्षण किया गया था जिसमें किसान फॉर्मर आईडी निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पटवारी हल्का नंबर 24 के अंतर्गत ग्राम हिण्डोरिया में 15, ग्राम हीरापुर में 06, ग्राम भरतिया में 04, ग्राम सिंगदौनी में 11 तथा ग्राम पिपरियाघाट में 01 प्रधानमंत्री किसान योजना से संबंधित फॉर्मर आईडी लंबित थीं। सूची में यह भी स्पष्ट नहीं था कि किन किसानों की फॉर्मर आईडी बनाई जानी है।

बताया गया है कि स्वाति जैन को कुल 1309 फॉर्मर आईडी बनाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध उन्होंने मात्र 262 फॉर्मर आईडी ही तैयार की थी। ग्रामवासियों ने शिकायत की कि पटवारी सप्ताह या 15 दिनों में केवल एक बार ही गांव आती हैं तथा उनका कार्य संतोषजनक नहीं है। साथ ही, सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का भी समय पर जवाब नहीं दिया जा रहा था। इसके अलावा नायब तहसीलदार ज्योति वर्मा द्वारा 03 जनवरी को किए गए निरीक्षण में भी स्वाति जैन बिना किसी सूचना के ग्राम/हल्का क्षेत्र से अनुपस्थित पाई गईं।

तहसीलदार बण्डा द्वारा प्रेषित प्रस्ताव के अवलोकन के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि पटवारी द्वारा शासकीय कार्यों में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरती गई है, जो मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन है। इसके फलस्वरूप म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 09 के अंतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए स्वाति जैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसीलदार कार्यालय, बण्डा नियत किया गया है तथा वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्र होंगी। आगामी आदेश तक पटवारी हल्का नंबर 24 हिण्डोरिया का अतिरिक्त प्रभार पटवारी खुमान अहिरवार, हल्का गनयारी को सौंपा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button