रेलवे लाइन किनारे मिला अज्ञात शव : पहचान न होने पर पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार…

गोटेगांव। ठेमी थाना अंतर्गत घाट पिड़रई के पास रेलवे लाइन के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्टेशन मास्टर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की, लेकिन मृतक की पहचान से संबंधित कोई साक्ष्य प्राप्त नहीं हो सके।
पुलिस ने बताया कि रेलवे खंभा क्रमांक 915/4 और 915/6 के बीच झाड़ियों में मिले इस शव की शिनाख्त के लिए आसपास के ग्रामीणों को भी बुलाया गया, परंतु कोई भी उसकी पहचान नहीं कर सका। तलाशी के दौरान मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज भी बरामद नहीं हुए।
अंततः पहचान न होने पर कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद शव को नगर के मुक्तिधाम में दफना दिया गया। पुलिस अब मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसकी तस्वीरें विभिन्न थानों और रेलवे स्टेशनों पर भेजकर परिजनों की तलाश कर रही है।







