मध्य प्रदेशराज्य

युवक की संदिग्ध मौत पर बढ़ा बवाल, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका : पुलिस अधीक्षक से की शिकायत

यशभारत डिंडोरी ।जिले के बजाग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठाडपथरा में युवक की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वहीं ग्रामीणों द्वारा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

मृतक के पिता लाल सिंह धुर्वे ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपते हुए गांव के ही कुछ लोगों पर उनके पुत्र तिजउ सिंह की हत्या करने का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार 9 मई 2026 को दोपहर करीब एक बजे तिजउ सिंह गांव की किराना दुकान में सामान लेने गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने मोबाइल फोन के माध्यम से उसे दुकान से बाहर सुनसान स्थान पर बुलाया, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।

परिजनों ने देर रात तक युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 11 मई की सुबह गांव की एक महिला ने सूचना दी कि चमरा बैगा के खेत में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान तिजउ सिंह के रूप में की।

परिजनों का आरोप है कि मृतक के शरीर पर सिर, पेट, आंख, हाथ, कमर, पीठ और गले में गंभीर चोटों के निशान थे। उन्होंने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। वहीं परिजनों का कहना है कि सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर आकाशीय बिजली से मौत होने की संभावना व्यक्त की थी। आरोप है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अब तक परिजनों को उपलब्ध नहीं कराई गई है।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि नामजद आरोपियों के घरों में खून के निशान और कथित रूप से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी देखे जाने के बावजूद शुरुआती दिनों में पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिजनों का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूमते रहे और लगातार धमकियां देते रहे, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ था।

 

युवक की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए लगातार कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि जब कई दिनों तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो दो दिन पहले गांव के लोग एकजुट हो गए। दर्जनों महिला-पुरुष मुख्य मार्ग पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च करते नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ग्रामीण एक युवक का हाथ पकड़कर चलते दिखाई दे रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। हालांकि समाचार पत्र वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया। गुरुवार को मृतक के परिजन और ग्रामीण सामूहिक रूप से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और नामजद आवेदन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

दबाव बढ़ने पर पुलिस हरकत में आई

ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि घटना के चार दिन बाद तक आरोपी खुलेआम घूमते रहे और परिजनों को धमकाते रहे वही पुलिस निष्क्रिय बनी रही। लोगों का कहना है कि वीडियो वायरल होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद ही पुलिस हरकत में आई।

शुक्रवार को पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या की गई थी। युवक का शव लापता होने के दो दिन बाद खेत में मिला था।

इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की जांच प्रक्रिया और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई की जाती तो उन्हें न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरना नहीं पड़ता।

 

दो आरोपी हरेसिंह ,धरम सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है घटना कारण पूर्व में भूमि को लेकर परिवारिक विवाद रहा है। पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही है जबकि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के नाम पुलिस सूत्रों के माध्यम से पता चला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button