मोटी कमाई का लालच देकर युवती से हड़पे 14 लाख, अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के विरूद्ध मामला दर्ज

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत घर बैठे मोटी कमाई और पर भारी मुनाफे का लालच देकर एक 17 वर्षीय युवती से 14 लाख 61 हजार 780 रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिव्यांचल मैरिज गार्डन के सामने रहने वाली 17 वर्षीय शशि गुप्ता को एक अज्ञात मोबाइल नंबर 8335886390 से संपर्क किया गया था। आरोपी ने पीडि़ता को झांसा दिया कि अगर वह बताए गए प्लेटफार्म पर पैसे इनवेस्ट करती है तो उसे बहुत कम समय में भारी मुनाफा होगा। शुरुआत में कम रकम पर कुछ फायदा दिखाकर आरोपी ने पीडि़ता का भरोसा जीत लिया। इसके बाद मुनाफा कमाने के चक्कर में पीडि़ता ने 23 अक्टूबर 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच किश्तों में कुल 14.6 लाख से अधिक रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब शशि ने अपनी रकम और उस पर बने मुनाफे को वापस निकालना चाहा तो शातिर ठग ने और पैसों की मांग शुरू कर दी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस आईए तब उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इसके बाद मामले की शिकायत माधवनगर थाने में दर्ज कराई गई। माधवनगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धारा 318(4), धारा 319(2), धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज करते हुए सायबर सेल की मदद से उक्त मोबाइल नंबर और जिस बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उसकी डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है।







