कार्रवाई के बाद भी नहीं रूक रही गांजा की तस्करी, अब ढीमरखेड़ा पुलिस ने गांजा तस्करी करते दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, साढ़े 5 किलो गांजा एवं दो बाइक बरामद

कटनी, यशभारत। ढीमरखेड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के विक्रय एवं परिवहन को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर ग्राम झिन्ना पिपरिया चण्डी माता मंदिर एवं ग्राम खमतरा बिचुआ मोड के पास से दो तस्करों को मोटर सायकिल से गांजा की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों तस्करों के पास से 5 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले में जुआ, सट्टा, शराब तथा मादक पदार्थ की तस्करी को लेकर कार्यवाही के लिए निर्देश जारी किये गये हैं। जिस पर अवैध मादक पदार्थ के विक्रय एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में मुखबिरों की सूचना पर ग्राम झिन्ना पिपरिया चंडी माता मंदिर के पास बृजभान पिता अमर सिंह परस्ते उम्र 25 साल निवासी मखडार थाना कुंडम जिला जबलपुर मोटर सायकिल से आते हुए मिला। जिसे हिरासत में लेकर जांच की गई। उसके पास से सफेद प्लास्टिक की बोरी मिली, जिसमे 2 किलो 400 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मोटर सायकिल जप्त करते हुए धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही की है। इसी तरह दूसरे प्रकरण में ढीमरखेड़ा पुलिस टीम ने मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते हुये ग्राम खमतरा बिचुआ मोड मेनरोड पंचम पिता अमर सिंह उम्र 46 साल निवासी ग्राम जामून चुआ को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से 3 किलो 100 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। कार्रवााई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, एसआई सुरेश, एएसआई जयपाल सिंह, आरक्षक पंकज सिंह, आरक्षक डुमनदास, आरक्षक जागेश्वर, आरक्षक कमोद कोल, आरक्षक देवेन्द्र अहिरवार, आर गंधर्व की महत्तवपूर्ण भूमिका रही।







