यश भारत सतना, मैहर| चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मां शारदा देवी मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। नवरात्रि के चौथे दिन रविवार को देशभर से आए 1 लाख 4 हजार 784 श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए। मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारु बनी हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल दर्शनार्थियों में से 1 लाख 723 श्रद्धालु पैदल मार्ग से, 1 हजार 561 श्रद्धालु वाहन मार्ग से तथा 2 हजार 500 श्रद्धालु रोपवे के माध्यम से मंदिर पहुंचे। पहाड़ी पर स्थित मां शारदा के दरबार तक पहुंचने के लिए भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नवरात्रि पर्व के चलते पूरे मैहर क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है। मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज रहा है, वहीं भक्तों की लंबी कतारें लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा सुरक्षा एवं सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। अधिकारियों की सतत निगरानी में श्रद्धालु शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कर पा रहे हैं।
नवरात्रि के आगामी दिनों में भी भक्तों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है, जिसके मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रहा है।