मध्य प्रदेशराज्य

मूसलाधार बारिश : बीना नदी उफान पर, राहतगढ़ खुरई मार्ग बंद: करेली-गाडरवारा,गरह- सिंगौटा मार्ग भी अवरुद्ध 

सागर,नरसिंहपुर। पूरे प्रदेश में मूसलाधार बारिश के चलते नदी नाले उफान पर हैं जिसके चलते नरसिंहपुर सहित सागर के अनेक मार्ग बंद हो चुके हैं l सड़क मार्ग बंद होने से जहां राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तो वहीं दूसरी ओर अत्यावश्यक सेवाएं भी बाधित हुई है l

 

विगत दिनों से हो रही बारिश ने कहर बरपा दिया है। भारी बारिश के चलते कई जगह का संपर्क गांव सहित मुख्यालय से टूट गया है। करेली-गाडरवारा पहुंच मार्ग पर बंदेसुर-बटेसरा के बीच बनी पुलिया बारिश के पानी में धंस जाने के कारण यह मार्ग तो पहले से ही बंद था वाहन चालक सहित नागरिक वैकल्पिक मार्ग मडेसुर से जाते हुए सिहोरा बोहानी से आवागमन कर रहे थे, परंतु गरह ग्राम में बना रिपटा पर पानी आ जाने के कारण यह मार्ग भी बंद हो गया है। वहीं लिंगा के पास स्थित सिंगौटा गांव में बना रिपटा भी आ जाने के कारण यह मार्ग भी पूर्णत: बंद हो गया है, जिससे नागरिकों, सहित वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

मौसम विभाग द्वारा पूर्व में ही भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी थी बावजूद उसके जिला प्रशासन ने जिले के स्कूलों में अवकाश घोषित नही किया था आज सुबह 10 बजे आदेश जारी होने के बाद अवकाश घोषित हुआ जब तक स्कूल लग चुके थे। अवकाश का आदेश पहुंचने के बाद 11 बजे स्कूलों में छुट्टी हुई।

 

बारिश से झंडा चौक शिवालय चौक के घर व दुकानों में हुआ जलभराव

सोमवार की रात में अत्याधिक तेजी के साथ हुई वर्षा से चंद घण्टो में ही शहर में जलभराव के चलते झंडा चौक और शिवालय चौक श्याम टाकीज रॉड पर अनेक घरों व दुकानों में पानी भर गया जिसके चलते रात्रि में 3 बजे ही दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुँचने को मजबूर हो गये और वही घरों में रहने वालों को भी घरों से बाहर पानी निकालने व अपनी उपयोगी वस्तुओं को बचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी झंडा चौक पर पानी भरने का मुख्य कारण है कि यह सभी तरफ की सडक़ों से निचले हिस्से पर एवं लडईया नाले ऊपर स्थित है नदी में पानी उफान के चलते नाले के बैकवाटर के कारण यह समस्या बन गयी और आम जनमानस को रात्रि में इस आफत की बारिश का कहर भुगतना पड़ा घरों में व दुकानों में काफी नुकसान भी देखे गए बीते कई दिनों से लगातार बारिश होने के चलते गाडरवारा के आसपास स्थित नदी भी उफान पर है।

 

ककराघाट पुल के ऊपर से बह रहा पानी, मार्ग बंद 

जानकारी के अनुसार नर्मदा नदी उफान पर है जिसके चलते आज ककराघाट पुल पर पानी आ जाने के कारण मार्ग बंद हो गया। ककराघाट पुल से तेंदूखेड़ा मार्ग अवरुद्ध हो गया। वहीं देवाकछार- उमरिया मार्ग स्थित शेढ नदी पर बने पुल के ऊपर से पानी होने के कारण यह मार्ग भी बंद हो गया है। समाचार लिखे जाने तक पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। वही नर्मदा के आसपास के अनेक स्थानों पर जलभराव के चलते अनेक मार्ग भी बंद चल रहे है। पुल-पुलिया आ जाने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारे लगी हुई है जिससे वाहन चालक अच्छे खासे परेशान हो रहे है।

इमझिरी भी हुई जलमग्न

लिंगा के पास स्थित इमझिरी-खुलरी भी बारिश के पानी से जलमग्र हो गयी है। रिपटा -पुलिया पर पानी होने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है, जिससे नगारिकों को समस्याएं जा रही है।

कच्चे घरों में रह रहे लोगों का हाल-बेहाल

विगत दिनों से लगातार हो रही आफत की बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। कच्चे घरों में रह रहे लोगों का हाल-बेहाल हो गया है। रतजगा करके लोग अपने घरों में भरा बारिश का पानी उछालते नजर आ रहे है। वहीं बारिश का पानी घरों में प्रवेश करने से अनाज सहित टीव्ही, पंखे भी पानी में उतराते नजर आ रहे है।

नर्मदा नदी उफान पर

जानकारी के अनुसार बरगी बांध में अत्याधिक पानी होने के कारण डेम के गेट खोल दिये गये है जिससे नर्मदा नदी भी उफान पर है। वहीं नर्मदा नदी से मिली नदियों में ढेल लगने के कारण भी कई नदिया भी आ गयी है जिससे यहां का आवागमन प्रभावित है। करेली के पास स्थित रेवानगर के पास बहने वाली नदी में भी बाढ़ आ गयी है।

गाडरवाड़ा में 7.5 तो नरसिंहपुर में गिरा 6.16 इंच पानी, करेली में 4 सबसे कम गोटेगांव में 2.44 बारिश

जिले में जारी बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा बीते 24 घंटों में औसत 5 इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई । सबसे अधिक गाडरवारा में 188 मिमी नरसिंहपुर में 154 मिमी, करेली में 105 मिमी तेंदूखेड़ा में 73 मिमी तो सबसे कम गोटेगांव में 61 मिमी दर्ज की गई । अभी तक जिले में 462.4 मिमी बारिश हो चुकी है । गाडरवारा में 533 मिमी नरसिंहपुर में 498 मिमी करेली 471 मिमी तेंदूखेड़ा 423 मिमी और गोटेगांव में 387 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है।

अति वर्षा के चलते अवकाश घोषित

जिले में पिछले 48 घंटे से हो रही अतिवृष्टि व मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटे में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेट अलर्ट जारी किया है। बरंगी बांध के गेट खुलने से जिले के समस्त पुल-पुलिया उफान पर है, जिस कारण छात्र-छात्राओं में जोखिम की संभावना को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर ने 8 एवं 9 जुलाई को जिले में संचालित समस्त शासकीय-अशासकीय मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, नवोदय विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।

बीना नदी ऊफान पर : राहतगढ़ खुरई मार्ग बंद 

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)l पूरे प्रदेश में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है जिसके चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ है l जिले में निरंतर हो रही बारिश के चलते राहतगढ़ के पास सुबह 8 बजे से बीना नदी अपने ऊफान पर आ गई है।मालाघाट के पुल के ऊपर पानी आ जाने के बाद राहतगढ़ खुरई मार्ग बंद हो गया है। इतना ही नहीं नदी नालों के उफान के चलते अनेक मार्ग बंद है l

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button