कटनी

मुड़वारा में टिकट चैकिंग के दौरान आपस में भिड़े टीसी और यात्री, दोनों के बीच तीखी नोकझोंक, मुड़वारा स्टेशन पर हुई घटना

कटनी, यशभारत। कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज पर विगत दिवस दोपहर उस समय हडक़ंप मच गया, जब टिकट चेकिंग के दौरान टीसी और यात्री आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच हुई तीखी नोकझोंक जल्द ही धक्का-मुक्की और अभद्रता में बदल गई। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेल प्रशासन के चेकिंग तंत्र और कर्मचारियों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। रेल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रविवार शाम लगभग 4 बजे मुड़वारा स्टेशन के ओवर ब्रिज की है। चेकिंग स्टाफ ब्रिज से गुजरने वाले यात्रियों के टिकटों की जांच कर रहा था। उसी दौरान एक यात्री को बिना टिकट पकड़ा गया। टीसी द्वारा जुर्माना और रसीद काटने की बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि टीसी और यात्री एक दूसरे से धक्का मुक्की करने लगे और बात अभद्र भाषा तक पहुंच गई। हंगामे के बाद राहगीरों और यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि विवाद और धक्का-मुक्की के बाद यात्री से एक माफीनामा भी लिखवाया गया। मामले का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। रेलवे स्टेशनों पर अक्सर टिकट चेकिंग को लेकर कर्मचारियों और यात्रियों के बीच तनातनी की खबरें आती रहती हैं लेकिन इस घटना ने टिकट चेकिंग अमले के पेशेवर आचरण पर बड़ा निशान लगा दिया है। यात्रियों का कहना है कि बिना टिकट यात्रा करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन बीच बचाव या कार्रवाई के नाम पर स्टेशन पर सरेआम धक्की-मुक्की और अभद्रता करना कतई उचित नहीं है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button