सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर जिले से एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। देवरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गौरझामर-केसली रोड पर हुए इस भीषण हादसे में एक पटवारी की जान चली गई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब दो पटवारी अपनी मोटरसाइकिल से सरकारी काम (मौजे) को निपटाकर वापस लौट रहे थे । इसी दौरान गौरझामर-केसली मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वाहन के दो टुकड़े हो गए।
इस भीषण टक्कर में मोटरसाइकिल पर सवार दोनों पटवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक पटवारी जिनका नाम जय कुमार वैद्य बताया जा रहा है, उन्होंने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जय कुमार वैद्य केसली क्षेत्र के ग्राम दुधवारा में पटवारी के पद पर कार्यरत थे।
वहीं दूसरे पटवारी अतुल रैकवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सागर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ फिलहाल उनका उपचार जारी है।
क्षेत्र में शोक की लहर
पटवारियों के साथ हुए इस हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक महकमे और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Back to top button