जबलपुरमध्य प्रदेश
भगवान! ऐसी मां किसी को न देना: राजगढ़ के युवक से 1 लाख 25 हजार में किया सौदा, पूरा पैसा नहीं मिला तो अपहरण की दर्ज कराई शिकायत

जबलपुर, यशभारत। कहते है मां की ममता से बढ़कर इस संसार में और कुछ नहीं है। मां ही धरती की भगवान है। लेकिन इस रिश्ते को जबलपुर में कलंकित कर दिया गया है। 16 साल की मासूम का सौदा और किसी ने नहीं उसकी मां ने कर दिया। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब मां को सौदे की राशि नहीं मिली तो वह थाने पहुंची और बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पूरा मामला रानीताल क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते नाबालिग को राजगढ़ जिले से दस्तयाब कर मां के सुपुर्द कर दिया। इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
रानीताल क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने कुछ दिन पूर्व राजगढ़ जिले में रहने वाले युवक से अपनी 16 साल की बेटा का सौदा शहर के दो बिचौलियों के माध्यम से किया था। राजगढ़ के युवक ने बिचौलियों को सौदे की 1 लाख 25 हजार रकम पूरी दी लेकिन बिचौलियों ने लड़की की मां को सिर्फ 10 हजार रूपए दिए। इससे महिला बौखला गई और उसने थाने में जाकर बेटी के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि महिला ने बेटी के गायब होने पर दो बिचौलिया सहित राजगढ़ के युवक के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने राजगढ़ से युवक को गिरफ्तार कर नाबालिग को दस्तयाब किया।
मांग में सिंदूर देख, पुलिस हुई हैरान
बताया जा रहा है कि जबलपुर पुलिस जब महिला द्वारा बताए गए पते पर पहुंची तो 16 साल की नाबालिग की मांग पर सिंदूर देख हैरान हो गई। पुलिस ने मौके पर किशोरी और युवक से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों ने मंदिर में शादी कर ली है। पुलिस को दोनों ने महिला और पूरे मामले की जानकारी दी।





