ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली पुट्टी का विक्रय, शिवाजी नगर स्थित जे पी इंटरप्राइजेज पर कोतवाली पुलिस की दबिश, 58 बोरियां जब्त, कॉपीराइट एक्ट के तहत दुकान संचालक पर एफआईआर

कटनी, यशभारत। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए शिवाजी नगर स्थित जे पी इंटरप्राइजेज पर दबिश देकर ब्रांडेड जे के वॉल पुट्टी के नाम पर नकली पुट्टी का विक्रय किए जाने का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दुकान से 58 बोरियां भी जब्त की है और कॉपीराइट एक्ट के तहत दुकान संचालक के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। कोतवाली टीआई राखी पांडे ने बताया कि कटनी में नामी गिरामी कंपनी के ब्रांड एवं मोनो का दुरुपयोग कर नकली वॉल पुट्टी का विक्रय किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कंपनी के अधिकारियों द्वारा पुलिस अधीक्षक के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत की गई थी। जिस पर पुलिस टीम द्वारा शिवाजी नगर गली नंबर 2 स्थित जेपी इंटरप्राइजेज दुकान पर दबिश दी गई। मौके पर दुकान संचालक जय प्रकाश दुबे मिला। कंपनी के जांच अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने दुकान में रखी वॉल पुट्टी की बोरियों का परीक्षण किया। दुकानदार से प्रीमियम वॉल पुट्टी के संबंध में पंजीयन एवं अधिकृत विक्रय संबंधी दस्तावेज मांगे। जिस पर कोई पंजीयन नहीं मिला। जांच अधिकारी द्वारा परीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया गया कि दुकान में रखी वॉल पुट्टी की बोरियां जे के कंपनी की असली बोरियों की नकल कर तैयार की गई हैं तथा कंपनी के ब्रांड एवं लोगो का अनधिकृत उपयोग किया गया है। जिस पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 58 बोरियां जब्त की। जप्त सामग्री की 51 हजार 800 रुपये बताई गई है। आरोपी दुकान संचालक जय प्रकाश दुबे निवासी शिवाजी नगर के विरुद्ध धारा 63, 65 कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, बस स्टेण्ड चौकी प्रभारी दीपू कुशवाहा एवं एएसआई विजय गिरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





