मध्य प्रदेशराज्य

बॉयलर ब्लास्ट : विद्याश्री सॉल्वेंट प्लांट में भीषण आग, ऑपरेटर जिंदा जला, सड़क जाम

Yash Bharat update

सतना यश भारत । शहर के अमरपाटन रोड स्थित विद्याश्री सॉल्वेंट प्लांट में भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की बस्तियों तक कंपन महसूस किया गया और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। हादसे में प्लांट के मशीन ऑपरेटर दिलावर सिंह उर्फ पिंकू तिघरा (45) की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर मन्नू केवट गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात में प्लांट के भीतर उत्पादन कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक बॉयलर में तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी के बीच कई मजदूर किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन दिलावर सिंह अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए।

बताया जा रहा है कि यह प्लांट शहर के सराफा कारोबारी सौरभ जैन की राइस मिल परिसर में संचालित हो रहा था। प्लांट को बिहार के एक व्यापारी ने करीब 8 लाख रुपए प्रतिमाह किराए पर लिया था, जहां धान की भूसी से राइस ब्रान ऑयल तैयार किया जाता था। परिसर में भारी मात्रा में भूसी और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। हालात इतने बिगड़ गए कि आग की लपटें पास की बस्ती तक पहुंचने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने में दमकल कर्मियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। भूसी के बड़े-बड़े ढेरों में लगी आग देर रात तक धधकती रही और राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रहा।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने अमरपाटन-सतना मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी और हादसे के बावजूद जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होती।

सूचना मिलते ही एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी देवेंद्र सिंह, कोतवाली टीआई रवीन्द्र द्विवेदी सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित करने में जुटी रही।

प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि प्लांट में सुरक्षा उपकरण और अग्निशमन व्यवस्था पर्याप्त थी या नहीं। साथ ही बॉयलर ब्लास्ट के कारणों की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है।

मृतक के परिजनों को 15 लाख की सहायता राशि के बाद ग्रामीणों ने समाप्त किया धरना

अमरपाटन रोड में ग्राम तिघरा में स्थापित साल्वेंट प्लांट में लगी भीषण आग में मौत का शिकार हुए दिलावर सिंह परिहार के परिजनों को 15 लाख रुपये की सहायता राशि एवं रेडक्रॉस से 25 हजार की तत्कालिक मदद एवं गंभीर रूप से घायल मन्नू केवट के सम्पूर्ण इलाज के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने समाप्त किया धरना, भाजपा के जिला प्रवक्ता अतुल सिंह परिहार एवं जिला उपाध्यक्ष ऋषभ सिंह की मौजूदगी में ग्रामीणों और प्रशासन के बीच हुई बातचीत के बाद तड़के करीब 4 बजे समाप्त हुआ धरना, सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने अमरपाटन रोड को कर दिया था जाम, भाजपा नेताओं के हस्ताक्षेप एवं सिटी मजिस्ट्रेट राहुल सिलाड़िया, उंचेहरा एसडीएम एसपी द्विवेदी सहित कई थानों के पुलिस बल की मौजूदगी में साल्वेंट प्लांट के मालिकों से हुई बातचीत के बाद मृतक दिलावर सिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के जाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button