सतना।बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री गुरुवार देर रात धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे, जहां उनके आगमन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। लगभग 11 बजे उन्होंने भगवान कामतानाथ स्वामी के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की और इसके बाद कामदगिरि की पंचकोसी परिक्रमा का शुभारंभ किया।
परिक्रमा मार्ग पर सैकड़ों श्रद्धालु उनके साथ चलते नजर आए। “जय श्रीराम” के गूंजते उद्घोष से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया, जबकि कई भक्त अपने घरों के बाहर खड़े होकर दर्शन पाने को उत्सुक दिखे। परिक्रमा मार्ग बाजार के बच्चों ने विशेष रूप से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की बनाई हुई तस्वीर उन्हें भेंट की, जिसे उन्होंने प्रेमपूर्वक स्वीकार किया।
चित्रकूट से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का गहरा आध्यात्मिक संबंध माना जाता है, क्योंकि उनका गुरुधाम भी यहीं स्थित है। उनके आगमन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनसे मिलने और आशीर्वाद लेने के लिए उमड़ पड़े।
बताया जा रहा है कि हाल ही में वे जगतगुरु रामभद्राचार्य महाराज के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने जयपुर गए थे। वहां से लौटकर वे हवाई मार्ग से चित्रकूट पहुंचे और रात्रि विश्राम के बाद परिक्रमा प्रारंभ की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
आज सुबह पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चित्रकूट से बांदा के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे हनुमंत कथा में सहभागिता करेंगे।
Back to top button