बहुती प्रपात में किशोरी का शव मिलने से सनसनी : बैग में मिला सुसाइड नोट….. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

रीवा l मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के बहुती प्रपात में एक किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव निकालने की कोशिश में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मृतका 17 वर्षीय रैना विश्वकर्मा उर्फ पार्वती, निवासी रतनगवा, थाना मऊगंज, शुक्रवार को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। उसे दोपहर में घर लौटना था, लेकिन वह नहीं आई। परिजनों ने जब उससे संपर्क करने की कोशिश की तो फोन नहीं उठा। काफी तलाश के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने मऊगंज थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
शनिवार सुबह बहुती प्रपात के पास स्थानीय लोगों को एक बैग मिला, जिसमें मृतका के पिता का मोबाइल नंबर लिखा था। सूचना मिलने पर पिता मौके पर पहुंचे और बैग देखकर बेटी की पहचान की। इसके बाद आसपास खोजबीन शुरू हुई और प्रपात की चट्टानों के बीच शव दिखाई दिया।
इन्होंने कहा…
“हमने बैग देखा तो तुरंत समझ गए कि यह मेरी बेटी का ही है। जब हमने तलाश की, तो उसका शव चट्टानों के बीच फंसा मिला।”
मृतका के पिता
“हमें घटनास्थल से एक बैग और सुसाइड नोट मिला है। जांच जारी है, जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।”
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुराग पांडे






