जबलपुरमध्य प्रदेश

बरेला पुलिस ने नकबजनी की बड़ी वारदात का किया खुलासा, 01 विधि विवादित बालक सहित 2 नकबजन गिरफ्तार

जबलपुर यश भारत । बरेला थाना अंतर्गत ड्रीम सिटी में हुई एक बड़ी नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक विधि विवादित बालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चुराए हुए सोनी कंपनी का कैमरा, चार लेंस एवं सोने-चांदी के जेवर, कुल कीमती लगभग 4 लाख 75 हजार रूपये के जप्त किए गए हैं। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं उप पुलिस अधीक्षक आकांक्षा उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरेला शुभम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।

घटना का विवरण: दिनांक 25 अगस्त 2025 को रविकांत चावरिया, निवासी ड्रीम सिटी पड़रिया, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बी.एस.एन.एल. से रिटायर्ड हैं और दिनांक 24 अगस्त 2025 की रात्रि को वे अपने परिवार सहित सदर स्थित दूसरे घर में रुक गए थे। अगले दिन सुबह 10 बजे उनके बेटे देवांश और बहू आस्था ड्रीम सिटी वाले घर पहुंचे तो देखा कि घर का मेन गेट का ताला टूटा हुआ है, अंदर के सभी कमरों के ताले और अलमारी के लॉकर भी टूटे हुए हैं। घर में रखे सोने-चांदी के पुराने जेवर, नकदी 30,000 रूपये, सोनी कंपनी का कैमरा और 4 लेंस गायब थे। अज्ञात चोर घर के ताले तोड़कर चोरी कर ले गए थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 541/2025, धारा 331(4), 305(ए) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।

पुलिस कार्यवाही: विवेचना के दौरान घटनास्थल से लिए गए फिंगरप्रिंट की जाँच फिंगरप्रिंट शाखा, पुलिस कंट्रोल रूम जबलपुर से कराई गई। फिंगरप्रिंट रिपोर्ट के आधार पर चिन्हित करते हुए एक 17 वर्ष 4 माह के किशोर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में किशोर ने अपने दोस्त मोहित कोरी उर्फ अनुज कोरी (19 वर्ष, निवासी कुडार्क टाउनशिप तिलहरी, थाना गोराबजार) के साथ मिलकर ड्रीम सिटी पड़रिया स्थित घर में चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चुराए हुए लेंस व कैमरा उसने स्वयं रख लिए थे और जेवर मोहित कोरी को दे दिए थे। इसके बाद मोहित कोरी को भी अभिरक्षा में लिया गया।

पूछताछ के आधार पर विधि विवादित बालक की निशादेही पर चुराया हुआ सोनी कंपनी का कैमरा एवं तीन लेंस, और आरोपी मोहित कोरी के कब्जे से सोने का 1 मंगलसूत्र, एक जोड़ी बाली, एक अंगूठी तथा चांदी की एक जोड़ी पायल, कुल कीमती 04 लाख 75 हजार रुपये के जप्त किए गए। विधि विवादित 17 वर्षीय बालक को माननीय किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया है। आरोपी मोहित कोरी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करते हुए केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया गया।

उल्लेखनीय भूमिका: इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में नकबजनों को गिरफ्तार कर चुराया हुआ मशरूका बरामद करने में थाना प्रभारी बरेला शुभम सिंह ठाकुर, चौकी प्रभारी गौर उप निरीक्षक नितिन पांडेय, उप निरीक्षक रेखा बरकड़े (फिंगरप्रिंट शाखा), सहायक उप निरीक्षक आदित्य मिश्रा, सउनि. सोमनाथ अहिरवार, सउनि. मुकेश पठारिया, सउनि. देवेन्द्र प्रजापति, प्रधान आरक्षक ओम नारायण सिंह, राकेश सिंह, कमलेश कुमार यादव, धर्मेन्द्र सोनी, आरक्षक विशाल श्रीवास्तव, राजेश कुमार बरकड़े और सैनिक गोकुल शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button